जानें कि चिकित्सा देखभाल के लिए कहाँ जाना है

सही समय पर, सही जगह पर और सही देखभाल पाने के लिए आपकी गाइड।

फ़ोन पर किसी मरीज़ से बात करती हुई एक नर्स

आजकल हर जगह तत्काल देखभाल केंद्र खुल रहे हैं। और रिटेल क्लिनिक दवा की दुकानों और सुपरमार्केट में भी मौजूद हैं। इससे ज़रूरत के मुताबिक इलाज पाना पहले से कहीं ज़्यादा आसान हो गया है। 

लेकिन आपको कैसे पता चलेगा कि डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए एक-दो दिन इंतज़ार करना ठीक है या नहीं? या आपको तुरंत आपातकाली कक्ष (ER) जाना चाहिए? 

हर जगह पर अलग-अलग स्तर की स्वास्थ्य सेवाएँ और विशेषज्ञता उपलब्ध होती है। इलाज का सही विकल्प चुनने से आपका समय और पैसे दोनों बचते हैं। कहाँ और कब जाना चाहिए, इसकी एक आसान-सी जानकारी यहाँ दी गई है।  

अपने प्राथमिक देखभाल प्रदाता के पास कब जाएँ  

सबसे पहले, आपको साल में कम से कम एक बार नियमित जाँच के लिए अपने प्राथमिक देखभाल प्रदाता (PCP) से मिलना चाहिए। भले ही आप स्वस्थ महसूस कर रहे हों, फिर भी ऐसा करना ज़रूरी है। 

आपका PCP निम्नलिखित काम कर सकता है: 

  • आपकी सेहत से जुड़ी किसी भी लगातार बनी रहने वाली चिंता के बारे में बात करना 
     
  • अलग-अलग विशेषज्ञों के बीच इलाज का तालमेल बिठाना 
     
  • आपकी ज़रूरतों के हिसाब से सेहत का ध्यान रखने में आपकी मदद करना

नियमित जाँच के अलावा, इन स्थितियों में सबसे पहले आपको अपने PCP को फ़ोन करना चाहिए:

  • आप अपनी प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाएँ दोबारा लेना चाहते हैं 
     
  • आपको किसी पुरानी बीमारी को मैनेज करने में मदद चाहिए 
     
  • आपको कोई संक्रमण हो गया है 

Phillip Kadaj, M.D का कहना है कि “अगर मरीज़ की हालत गंभीर नहीं है या वह बहुत ज़्यादा बीमार नहीं है, तो सबसे पहले अपने प्राथमिक देखभाल प्रदाता से संपर्क करने की कोशिश करना हमेशा अच्छा रहता है।” वह मिडलैंड, मिशिगन में एक आंतरिक रोग विशेषज्ञ हैं। “आपके प्राथमिक देखभाल डॉक्टर आपको अच्छी तरह से जानते हैं। वे आपको तत्काल दे देखभाल केंद्र, ER या रिटेल क्लिनिक जाने के बजाय खुद भी देख सकते हैं। यह देखा गया है कि प्राथमिक देखभाल प्रदाता के साथ अच्छा तालमेल होने से मरीज़ों और स्वास्थ्य सेवा प्रणालियों, दोनों का खर्च कम होता है और देखभाल की गुणवत्ता बेहतर होती है।” 

एक आम समस्या यह है कि: डॉक्टरों के क्लिनिक आमतौर पर सिर्फ़ कामकाजी दिनों में ही खुले रहते हैं। लेकिन कई डॉक्टरों के पास क्लिनिक के समय के बाद भी फ़ोन पर मदद देने की सुविधा होती है, जिस पर आप कॉल कर सकते हैं। Aetna® के सदस्यों को 24 घंटे उपलब्ध नर्स हेल्पलाइन की सुविधा भी मिलती है। अगर आपको रात में या वीकेंड पर स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या होती है, तो ये अच्छे विकल्प हैं।

आपका कोई PCP नहीं है? देखें कि आपके आस-पास संघीय रूप से मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य केंद्र (Federally Qualified Health Center, FQHC) है या नहीं। FQHC ऐसे प्राथमिक देखभाल क्लिनिक होते हैं, जहाँ Medicaid के मरीज़ों का भी इलाज किया जाता है। ये अक्सर ग्रामीण इलाकों में होते हैं, जहाँ स्वास्थ्य सेवा केंद्र ढूँढ़ना कभी-कभी मुश्किल होता है। 

लैपटॉप देखते हुए माता-पिता और उनका बच्चा

अपने लाभों का पूरा फ़ायदा उठाएँ

अगर आप Aetna Better Health® के सदस्य हैं, तो अपने प्लान के बारे में और जानकारी पा सकते हैं। अपना अकाउंट देखने के लिए बस अपने मेंबर पोर्टल में लॉग इन करें।

रिटेल स्वास्थ्य क्लिनिक में कब जाएँ 

क्या आपको सर्दी-जुकाम, गले में खराश या कोहनी में मोच आई है? क्या आपको अपने डॉक्टर से अपॉइंटमेंट नहीं मिल पा रहा है? ऐसे में रिटेल स्वास्थ्य क्लिनिक जाना आपके लिए अगला अच्छा विकल्प हो सकता है। 

कई रिटेल क्लीनिकों में अपॉइंटमेंट की ज़रूरत नहीं होती। यहाँ मरीज़ों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर देखा जाता है। इंतज़ार का समय इस बात पर निर्भर करेगा कि आपसे पहले और कितने लोग हैं। अगर आप अपॉइंटमेंट ले सकते हैं, तो इससे लाइन में आपका नंबर पक्का हो जाएगा। 

रिटेल क्लिनिक में हर समय डॉक्टर मौजूद हों, यह ज़रूरी नहीं है। यहाँ आमतौर पर नर्स प्रैक्टिशनर और फिज़िशियन असिस्टेंट मरीज़ों की देखभाल करते हैं। वे निम्न काम कर सकते हैं: 

  • छोटी-मोटी चोटों का इलाज 
     
  • आम बीमारियों का पता लगाना 
     
  • रक्तचाप चेक करना
     
  • टीके लगाना (जैसे फ़्लू का टीका और COVID-19 वैक्सीन) 
     
  • दवाइयाँ लिख कर देना या दोबारा दवाइयाँ उपलब्ध कराना 

क्या आपको कोई गंभीर बीमारी है या गंभीर चोट लगी है? तब रिटेल क्लिनिक शायद सबसे अच्छा विकल्प न हो। इसके अलावा, कुछ रिटेल क्लिनिक में बच्चों का इलाज नहीं होता। जाने से पहले फ़ोन कर लें, ताकि यह पक्का हो सके कि आपको ज़रूरी देखभाल मिल जाए। 

कई रिटेल क्लिनिक, जैसे MinuteClinic®, दवा की दुकानों के अंदर या उनके पास होते हैं। इससे अपनी दवाइयां लेना बहुत आसान हो जाता है। कुछ रिटेल क्लिनिक में आँखों, हड्डियों या मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विशेषज्ञ सेवाएँ भी उपलब्ध होती हैं।

तत्काल देखभाल केंद्र कब जाएँ 

रिटेल क्लीनिकों की तरह, तत्काल देखभाल केंद्र में भी अक्सर अपॉइंटमेंट की ज़रूरत नहीं होती है। लेकिन इनमें से कई केंद्र आपको पहले से अपॉइंटमेंट बुक करने की सुविधा भी देते हैं। इससे आपका इंतज़ार का समय कम हो सकता है। 

रिटेल क्लिनिक के उलट, तत्काल देखभाल केंद्र में डॉक्टर मौजूद होते हैं। और वे स्वास्थ्य संबंधी कई और समस्याओं का पता लगाकर उनका इलाज कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, वहाँ एक्स-रे मशीनें हो सकती हैं और वे कलाई या टखने की टूटी हड्डियों का इलाज भी कर सकते हैं।  

हड्डियाँ टूटने के अलावा, आप इन समस्याओं के इलाज के लिए तत्काल देखभाल केंद्र जा सकते हैं: 

  • जी मिचलाना 
     
  • उल्टी होना 
     
  • दस्त लगना 
     
  • चकत्ते होना 
     
  • बुखार 
     
  • ऐसे घाव जिनमें टांके लगाने की ज़रूरत हो 

Dr. Kadaj का कहना है कि "तत्काल देखभाल केंद्र, ER से एक स्तर नीचे होता है"। “वहाँ आमतौर पर ऐसे स्वास्थ्य सेवा प्रदाता होते हैं, जिन्हें कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज करने की अच्छी ट्रेनिंग मिली होती है। लेकिन हो सकता है कि उनके पास हार्ट अटैक, स्ट्रोक या गंभीर चोट जैसी स्थितियों की जाँच और इलाज के लिए जरूरी उपकरण न हों।" 

तत्काल देखभाल केंद्र को आपातकालीन कक्ष न समझें। यह जानलेवा आपातकालीन स्थितियों के इलाज के लिए नहीं है। 

आपातकालीन कक्ष (ER) कब जाएँ

Grace Chen O’Neil, MD का कहना है, “अगर आपको लगता है कि आपकी स्थिति से बहुत जल्द जान जाने या विकलांगता होने का खतरा है, तो ER जाएँ।” वे American College of Emergency Physicians की मानद सदस्य हैं। Dr. O’Neil आगे कहती हैं कि अगर आपको लगता है कि किसी बीमारी के इलाज के लिए शायद आपकी सर्जरी करानी पड़ेगी या आपको अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा, तो भी यही बात लागू होती है। 

निम्नलिखित में से कुछ भी होने पर तुरंत ER जाएँ: 

  • सीने में दर्द  
     
  • साँस लेने में कठिनाई होना 
     
  • मानसिक क्षमता में अचानक बदलाव होना 
     
  • बोली का लड़खड़ाना 
     
  • अनियंत्रित रक्तस्राव होना 
     
  • हड्डी का गंभीर रूप से टूटना 
     
  • सिर की चोट 
     
  • अचानक दिखाई देना बंद हो जाना 
     
  • दौरे पड़ना 

911 के बारे में क्या? अगर आपकी जान को खतरा है या आप अकेले हैं और खुद गाड़ी चलाकर ER नहीं जा सकते, तो911 पर कॉल करें। उदाहरण के लिए, अगर आपको सीने में दर्द है, तो 911 पर कॉल करें - यह हॉर्ट अटैक का संकेत हो सकता है। अगर आपको स्ट्रोक के कोई भी लक्षण दिखें, तो भी ऐसा ही करें। इनमें शामिल हैं: 

  • चेहरे का एक तरफ़ लटक जाना 
     
  • चेहरे, बांहों या पैरों में अचानक सुन्नपन या कमजोरी आना 
     
  • देखने में अचानक कठिनाई होना 
     
  • अचानक भ्रम होना या बोलने में परेशानी होना 
     
  • अचानक तालमेल बिगड़ना या संतुलन खो देना  

अगर इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो 911 पर कॉल करना सबसे अच्छा है। Paul Coyne का कहना है कि “भले ही आपके साथ दूसरे लोग हों, फिर भी 911 पर कॉल करना हमेशा ज़्यादा सुरक्षित होता है।” वह न्यूयॉर्क सिटी के Hospital for Special Surgery में काम करते हैं। फ़िलहाल वे क्लिनिकल प्रैक्टिस के उपाध्यक्ष और नर्सिंग सूचना विज्ञान के प्रमुख अधिकारी हैं। “पैरामेडिक्स तुरंत इलाज शुरू कर सकते हैं। दिल का दौरा पड़ने के मामले में, समय पर इलाज मिलने से आपकी जान बच सकती है।” 

लेकिन अगर आपकी स्थिति वाकई आपातकालीन नहीं है, तो ER जाने से बचना ही बेहतर है। ER में मरीज़ों का इलाज उनकी हालत की गंभीरता के हिसाब से किया जाता है। इसलिए, डॉक्टर से मिलने के लिए आपको बहुत देर तक इंतज़ार करना पड़ सकता है।  

मुझे कहाँ जाना चाहिए अगर...

आइए, स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ समस्याओं के उदाहरण देखें और जानें कि उनके इलाज के लिए कहाँ जाना सही रहेगा।

1. आपका हाथ कट गया है और आपको टांके लगाने पड़ सकते हैं।
तत्काल देखभाल केंद्र जाएँ। वे जाँच कर सकते हैं कि नसों या टेंडन को कोई नुकसान तो नहीं पहुँचा है। ज़रूरत पड़ने पर वे घाव पर टाँके भी लगा सकते हैं।

2. आपने त्वचा पर एक अजीब सी झाई या तिल देखा है।
अपने PCP से बात करें। वे जाँच कर सकते हैं कि वह निशान किसी समस्या का संकेत तो नहीं है और यदि आपको इसकी ज़रूरत हो) आपको त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास भेज सकते हैं।

3. आप फिसलकर अपने हाथों के बल गिर गए और आपको चिंता है कि यह टूट गया है।
तत्काल देखभाल केंद्र जाएँ। कई केंद्रों पर आपका एक्स-रे किया जा सकता है और (यदि हड्डी टूटी हो तो) प्लास्टर चढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा, ज़रूरत पड़ने पर आप दर्द की दवा के लिए प्रिस्क्रिप्शन प्राप्त कर सकते हैं।

4. आपका सिर कहीं टकरा गया और आप बेहोश हो गए।
ER जाएँ। गंभीर चोट का पता लगाने के लिए आपको और उन्नत जाँच करवाने की ज़रूरत पड़ सकती है। वहाँ के स्वास्थ्य सेवा प्रदाता ज़रूरत पड़ने पर आपको दवा भी लिखकर दे सकते हैं। 

5. आपको अचानक भ्रम होने लगा है या चेहरे, बाँह या पैर में कमज़ोरी महसूस हो रही है।
ये स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं। तुरंत 911 पर कॉल करें।

लैपटॉप देखते हुए माता-पिता और उनका बच्चा

अपने लाभों का पूरा फ़ायदा उठाएँ

अगर आप Aetna Better Health® के सदस्य हैं, तो अपने प्लान के बारे में और जानकारी पा सकते हैं। अपना अकाउंट देखने के लिए बस अपने मेंबर पोर्टल में लॉग इन करें।