यौन संचारित संक्रमण (STI) आम हैं। आपको ये बातें जाननी चाहिए
बहुत से लोगों को अपने जीवनकाल में यौन संचारित संक्रमण (STI) हो जाता है। बचाव और जाँच से आप अपनी सेहत का ख्याल रख सकते हैं।
यौन संचारित संक्रमण (या STI) बैक्टीरिया, वायरस या परजीवियों के कारण होते हैं।
ये यौन संपर्क के दौरान एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकते हैं। कुछ STI सुइयाँ साझा करने से भी फैल सकते हैं।
गर्भावस्था के दौरान गर्भवती महिला से बच्चे को भी STI का संक्रमण हो सकता है।
आम STI में ये शामिल हैं:
- ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV)
- क्लैमाइडिया
- गोनोरिया
- हर्पीज़
- ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस (HIV)
अच्छी खबर: कई STI का इलाज संभव है, खासकर तब जब इनका पता जल्दी चल जाए।
संकेत और लक्षण
STI के लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं। यहाँ कुछ आम लक्षण दिए गए हैं, जिन पर ध्यान देना ज़रूरी है:
- पेशाब करते समय दर्द या जलन होना
- जननांगों के आसपास घाव, दाने या चकत्ते
- लिंग या योनि से निकलने वाले स्राव में बदलाव (तेज़ गंध, रंग या मात्रा में बदलाव)
- जननांगों में खुजली या दर्द
- यौन संबंध बनाते समय दर्द
- पेट के निचले हिस्से में दर्द
STI से पीड़ित हर व्यक्ति में लक्षण नहीं दिखते। पक्का पता लगाने का एकमात्र तरीका जाँच करवाना है।
STI से कैसे बचें
STI से पूरी तरह बचने का एकमात्र तरीका है यौन संबंध न बनाना। अगर आप यौन संबंध बनाते हैं, तो संक्रमण का जोखिम कम करने के कुछ तरीके हैं:
- हर बार कंडोम का इस्तेमाल करें।
- HPV और हेपेटाइटिस B का टीका लगवाएं। टीके आपके शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। HPV का टीका सर्वाइकल कैंसर से भी बचाव कर सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि HPV से सर्वाइकल कैंसर और कुछ अन्य तरह के कैंसर हो सकते हैं।
- कम लोगों के साथ यौन संबंध बनाएँ।
- अपने पार्टनर या पार्टनरों से खुलकर बात करें। एक-दूसरे को अपने पिछले यौन संबंधों के बारे में सच-सच बताएँ। साथ ही, संक्रमण से बचाव और जाँच को लेकर आपसी सहमति बनाएँ।
जाँच के बारे में ज़रूरी बातें
STI की जाँच करवाना सामान्य स्वास्थ्य देखभाल का हिस्सा है। इसमें आमतौर पर ज़्यादा समय नहीं लगता और यह आसानी से हो जाती है। और यह आपकी Aetna योजना के अंतर्गत आता है। जाँच के लिए शारीरिक जाँच की जा सकती है या खून, पेशाब या लार जैसे तरल पदार्थों की जाँच की जा सकती है।
अगर आप यौन रूप से सक्रिय हैं, तो STI की जाँच के बारे में अपने PCP से बात करें। खासकर तब, जब आपका कोई नया पार्टनर हो या एक से ज़्यादा पार्टनर हों। या फिर आपको कोई लक्षण दिखाई दे रहे हैं।
गर्भवती महिलाओं को जल्दी जांच करवानी चाहिए। अगर कुछ STI का इलाज न किया जाए, तो वे गर्भ में पल रहे बच्चे को नुकसान पहुँचा सकते हैं।
अगर आपको या आपके पार्टनर को कोई STI हो जाए तो क्या होगा
अगर आपको या आपके पार्टनर को STI है, तो आपके प्रदाता आपको बताएँगे कि आगे क्या करना है। ध्यान रखें:
- बताए गए अनुसार सभी दवाएँ लें
- अपने पार्टनर या पार्टनरों को बताएं ताकि वे भी अपनी जाँच करवा सकें
- जब तक आपके प्रदाता न कहें कि ऐसा करना सुरक्षित है, तब तक यौन संबंध न बनाएँ
STI की जाँच और इलाज सामान्य स्वास्थ्य देखभाल का हिस्सा हैं। लेकिन मदद उपलबाध है। जाँच करवाना और इलाज कराना ऐसे कदम हैं, जो आप अपनी, अपने पार्टनर और अपने परिवार की सेहत के लिए उठा सकते हैं। आपके प्रदाता आपके सवालों के जवाब देने और ज़रूरी इलाज व देखभाल दिलाने में आपकी मदद के लिए मौजूद हैं।