स्वास्थ्य जाँच कराना अब आसान है

अपनी और अपने परिवार की सेहत बनाए रखने के लिए ये ज़रूरी जाँचें कराना न भूलें। 

एक युवा व्यक्ति के खून का नमूना लेती हुई नर्स

अगर आप स्वस्थ महसूस कर रहे हैं, तो शायद आपको लगे कि डॉक्टर के पास जाने की ज़रूरत नहीं है। लेकिन अपने प्राथमिक देखभाल प्रदाता (PCP) के पास नियमित रूप से जाना बीमारियों की रोकथाम के लिए बहुत ज़रूरी है। आपका PCP आम बीमारियों के लिए आपकी जांच कर सकता है। इस तरह, वे आपके बीमार महसूस होने से पहले ही समस्याओं को पकड़ सकते हैं।

विशेषज्ञ अलग-अलग उम्र में कुछ खास स्वास्थ्य जाँच कराने की सलाह देते हैं। हमने नीचे दी गई इस 'चीट शीट' में इसे आसान तरीके से समझाया है। सबसे अच्छी बात यह है कि आपकी स्वास्थ्य योजना के तहत इन सभी जाँचों का खर्च कवर होता है और आपको इसके लिए कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं करना पड़ता।

ध्यान रखें, ये सलाह उन स्वस्थ लोगों के लिए है, जिन्हें पहले कोई बीमारी नहीं रही है। आपको कम उम्र में या ज़्यादा बार जाँच करवाने की ज़रूरत हो सकती है। उदाहरण के लिए, अगर आपके परिवार में किसी को कोई बीमारी रही है या पिछली जाँच का नतीजा असामान्य आया था। आपका PCP आपको बताएगा कि कौन-सी जाँचें कब करवानी हैं।

लैपटॉप देखते हुए माता-पिता और उनका बच्चा

अपने लाभों का पूरा फ़ायदा उठाएँ

अगर आप Aetna Better Health® के सदस्य हैं, तो अपने प्लान के बारे में और जानकारी पा सकते हैं। अपना अकाउंट देखने के लिए बस अपने मेंबर पोर्टल में लॉग इन करें।

वयस्कों के लिए निवारक स्वास्थ्य जाँच

रक्तचाप

लगभग आधे वयस्कों को उच्च रक्तचाप की समस्या है। इससे हार्ट अटैक या स्ट्रोक जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ हो सकती हैं। इसका पता लगाने का एकमात्र तरीका रक्तचाप की जाँच करवाना है।
कब करवाएँ: सभी वयस्कों को हर तीन से पाँच साल में अपना रक्तचाप ज़रूर चेक करवाना चाहिए। अगर आपकी उम्र 40 साल से ज़्यादा है या आपको उच्च रक्तचाप का ज़्यादा ख़तरा है, तो हर साल इसकी जाँच करवाएँ।

स्तन कैंसर

स्तन कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है। लगभग हर 8 में से 1 महिला को अपने जीवनकाल में यह कैंसर हो सकता है। स्तन कैंसर का पता स्तन के एक्स-रे से लगाया जा सकता है, जिसे मैमोग्राम कहते हैं। इसका शुरुआती चरण में पता चलने पर इलाज करना और इससे उबरना अक्सर आसान होता है।
कब करवाएँ: 40 से 74 साल की उम्र की महिलाओं को हर दो साल में मैमोग्राम करवाना चाहिए। अगर आपके परिवार में किसी को स्तन कैंसर रहा है, तो आपको कम उम्र में ही जाँच करवाना शुरू करना पड़ सकता है। अपने जोखिम के बारे में डॉक्टर से बात करें। 

सर्वाइकल कैंसर

नियमित जाँच करवाने से सर्वाइकल कैंसर के ज़्यादातर मामलों को रोका जा सकता है। इसकी जाँच के दो तरह के होते हैं: ​

  • पैप स्मीयर से कैंसरग्रस्त कोशिकाओं का पता लगाया जाता है।
  • HPV टेस्ट से ऐसे वायरस के संक्रमण का पता लगाया जाता है, जो सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है।

कब करवाएँ: 21 से 65 साल की सभी महिलाओं को हर तीन से पाँच साल में पैप स्मीयर और/या HPV टेस्ट करवाना चाहिए।

कोलोरेक्टल कैंसर

जाँच के तरीकों में घर पर किए जाने वाले मल परीक्षण और कोलोनोस्कोपी शामिल हैं। (कोलोनोस्कोपी के दौरान, डॉक्टर एक छोटे कैमरे की मदद से बड़ी आँत और मलाशय के अंदर देखते हैं।)
कब करवाएँ: सभी वयस्कों को 45 साल की उम्र से कोलोरेक्टल कैंसर की जाँच करवाना शुरू कर देना चाहिए और लगभग 75 साल की उम्र तक इसे जारी रखना चाहिए। अगर आपके परिवार में किसी को कोलोरेक्टल कैंसर रहा है, तो आपको कम उम्र में ही जाँच करवाना शुरू करना पड़ सकता है और ज़्यादा बार जाँच करवाने की ज़रूरत हो सकती है। जाँच कितनी बार करवानी है, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप कौन-सा तरीका चुनते हैं। आप हर एक से तीन साल में घर पर मल परीक्षण करवा सकते हैं। या फिर हर 10 साल में कोलोनोस्कोपी करवा सकते हैं (अगर जाँच के नतीजे सामान्य हों)। जाँच कब शुरू और बंद करनी है और आपके लिए कौन-सा तरीका सही रहेगा, इस बारे में अपने डॉक्टर से बात करें।

फेफड़े का कैंसर

जो लोग धूम्रपान करते हैं या जिन्होंने पहले धूम्रपान किया है, उनमें फेफड़ों के कैंसर का खतरा अधिक होता है। नियमित जाँच से इस बीमारी का शुरुआती चरण में पता लगाने में मदद मिल सकती है, जब इसका इलाज करना आसान होता है।
कब करवाएँ: अगर आपकी उम्र 50 साल से ज़्यादा है और नीचे दी गई बातों में से कोई भी आप पर लागू होती है, तो फेफड़ों के कैंसर की जाँच के बारे में अपने डॉक्टर से बात करें:

  • अभी धूम्रपान करते हैं या पिछले 15 सालों के भीतर धूम्रपान छोड़ चुके हैं।
  • आपने अपने जीवन में कुल मिलाकर कम से कम 20 पैक-वर्ष या उससे ज़्यादा समय तक धूम्रपान किया है। (एक “पैक-वर्ष” का मतलब है एक साल तक रोज़ औसतन एक पैकेट सिगरेट पीना।) 

कोलेस्ट्रॉल/लिपिड पैनल  

खून में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बहुत ज़्यादा होने से दिल की बीमारी हो सकती है। आपके डॉक्टर एक साधारण ब्लड टेस्ट से आपके कोलेस्ट्रॉल के स्तर की जांच कर सकते हैं।   
कब करवाएँ: विशेषज्ञ हर चार से छह साल में कोलेस्ट्रॉल की जाँच करवाने की सलाह देते हैं। अपने डॉक्टर से पूछें कि क्या अब आपका कोलेस्ट्रॉल की जाँच कराने का समय आ गया है। 

दांतों की जांच और सफाई

दाँतों की नियमित जाँच से कैविटी और मसूड़ों की बीमारी जैसी समस्याओं से बचाव में मदद मिलती है।
कब करवाएँ: हर किसी को नियमित जाँच और दाँतों की सफ़ाई के लिए हर छह महीने में डेंटिस्ट के पास जाना चाहिए।

डायबिटीज़

37 मिलियन से अधिक वयस्कों को डायबिटीज़ है। लेकिन इनमें से लगभग 80 प्रतिशत लोगों को पता ही नहीं होता कि उन्हें यह बीमारी है। आपके डॉक्टर एक साधारण ब्लड टेस्ट के ज़रिए आपके डायबिटीज़ की जांच कर सकते हैं।  
कब करवाएँ: 35 से 70 साल की उम्र के जिन वयस्कों का वज़न ज़्यादा है या जिन्हें मोटापा है, उन्हें डायबिटीज़ और प्रीडायबिटीज़ की जाँच करवानी चाहिए। लेकिन अगर आपको इसका जोखिम ज़्यादा है, तो आप कम उम्र में ही जाँच करवा सकते हैं। अपने जोखिम और जाँच कब शुरू करवानी चाहिए, इस बारे में अपने डॉक्टर से बात करें।   

यौन संचारित संक्रमण (STI)

कई ऐसे संक्रमण हैं जो यौन संपर्क के ज़रिए फैल सकते हैं। कई लोगों में कोई लक्षण नहीं होते, इसलिए हो सकता है कि आपको पता ही न चले कि आपको यह संक्रमण है।
कब करवाएँ: अगर आप यौन संबंध बनाते हैं, तो कुछ STI की जाँच करवाने के बारे में अपने डॉक्टर से बात करें। ह्यूमन इम्यूनोडेफिशिएंसी वायरस (HIV) और दूसरे STI प्रसव के दौरान माँ से बच्चे में भी फैल सकते हैं। इसलिए, अगर आप गर्भवती होती हैं, तो जाँच करवाना ज़रूरी है। 

आँखों की जांच

आँखों की नियमित जाँच सिर्फ़ नज़र की जाँच के लिए नहीं होती। भले ही आप चश्मा न पहनते हों, फिर भी हर दो साल में आँखों की जाँच करवाना अच्छा होता है। आपका नेत्र चिकित्सक आँखों की ऐसी दूसरी बीमारियों का भी पता लगा सकता है, जिनके लक्षण साफ़ तौर पर दिखाई नहीं देते। 
कब करवाएँ: वयस्कों को कम से कम हर दो साल में आँखों की जाँच करवानी चाहिए। अगर आपको आँखों से जुड़ी कोई समस्या है या कुछ जोखिम हैं, तो आपको इससे ज़्यादा बार जाँच करवाने की ज़रूरत हो सकती है।  

बच्चों के लिए निवारक स्वास्थ्य जाँच

वेल-चाइल्ड विज़िट (Well-child visits)

बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए वेल-चाइल्ड विज़िट बहुत ज़रूरी हैं। इन विज़िट के दौरान, उनके बाल रोग विशेषज्ञ: 

  • उनके विकास और वृद्धि पर नज़र रखेंगे
  • बीमारियों से बचाव के लिए ज़रूरत के अनुसार टीके लगाएँगे
  • आपके बच्चे के व्यवहार, भाषा कौशल और विकास के अन्य अहम पड़ावों के बारे में पूछेंगे
  • आपके सवालों के जवाब देंगे और नींद, खान-पान और सुरक्षा जैसी बातों पर सलाह देंगे। 

कब करवाएँ: बच्चे की उम्र के हिसाब से तय होता है कि उसे कितनी बार डॉक्टर के पास ले जाना चाहिए। छोटे बच्चों और शिशुओं को बड़े बच्चों के मुकाबले ज़्यादा बार वेल-चाइल्ड विज़िट की ज़रूरत होती है:  

  • एक साल से कम उम्र के शिशुओं को 3 से 5 दिन, एक महीने, दो महीने, चार महीने, 6 महीने और नौ महीने की उम्र में डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
  • एक से तीन साल की उम्र के बच्चों को 12 महीने, 15 महीने, 18 महीने, 24 महीने और 30 महीने की उम्र मे डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
  • तीन साल की उम्र के बाद बच्चों को साल में एक बार डॉक्टर को दिखाना चाहिए। 

सीसे (लेड) की जाँच

सीसे (लेड) के संपर्क में आने से छह साल से कम उम्र के बच्चों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ हो सकती हैं। बच्चे इन स्रोतों के ज़रिए सीसे (लेड) के संपर्क में आ सकते हैं: 

  • 1978 से पहले बने घरों या इमारतों का उखड़ता या परतों में निकलता पेंट
  • सीसे के पाइपों से आने वाला पानी
  • हवाई अड्डों, हाईवे या कारखानों के पास की मिट्टी
  • कुछ आयातित मिठाइयाँ, दवाएँ, खिलौने और गहने 

बच्चे के शरीर में सीसा (लेड) पहुँचा है या नहीं, यह जानने का सबसे अच्छा तरीका ब्लड लेड टेस्ट है।
कब करवाएँ: Medicaid में नामांकित सभी बच्चों को एक और दो साल की उम्र में ब्लड लेड स्क्रीनिंग टेस्ट करवाना ज़रूरी है। अगर आपका बच्चा दो से तीन साल का है और उसकी जांच नहीं हुई है, तो जल्द से जल्द उसकी जांच करवा लें।

दांतों की जांच और सफाई 

डेंटिस्ट के पास नियमित रूप से जाने से कैविटी को रोकने में मदद मिल सकती है। डेंटिस्ट यह भी देख सकते हैं कि आपके बच्चे के दाँतों का विकास सही तरीके से हो रहा है या नहीं।   
कब करवाएँ: बच्चे का पहला दाँत निकलने के छह महीने के अंदर (या पहला जन्मदिन आने तक) उसे डेंटिस्ट के पास ले जाना चाहिए। सभी बच्चों को हर छह महीने में नियमित रूप से दांतों की जांच और सफाई करवानी चाहिए।  

आँखों की जांच 

आपके बच्चे के वेल-चाइल्ड विज़िट के दौरान डॉक्टर उसकी नज़र की जाँच करेंगे। लेकिन विशेषज्ञ तीन से पाँच साल की उम्र के बीच आँखों की एक और विस्तृत जाँच करवाने की सलाह भी देते हैं। अगर आपके बच्चे को आँखों से जुड़ी कोई समस्या है, तो आगे चलकर उसे नियमित रूप से नेत्र विशेषज्ञ को दिखाने की ज़रूरत पड़ सकती है।  
कब करवाएँ: बच्चों की आँखों की जाँच, तीन से पाँच साल की उम्र के बीच कम से कम एक बार ज़रूर होनी चाहिए। इसके बाद कितनी बार जाँच करवानी है, इस बारे में अपने बच्चे के डॉक्टर से बात करें।  


अतिरिक्त संसाधन 

रक्तचाप की जाँच: US Preventive Services Task Force

स्तन कैंसर की जाँच: US Preventive Services Task Force

सर्वाइकल कैंसर की जाँच: US Preventive Services Task Force

कोलोरेक्टल कैंसर की जाँच: US Preventive Services Task Force

फेफड़े के कैंसर की जाँच: US Preventive Services Task Force

कोलेस्ट्रॉल की जाँच: Office of Disease Prevention and Health Promotion 

डायबिटीज़ की जाँच: US Preventive Services Task Force

STI की जाँच: Office of Disease Prevention and Health Promotion 

आँखों की जाँच: American Optometric Association 

सीसे (लेड) की जाँच: Centers for Disease Control and Prevention 

बच्चों के लिए दाँतों की जाँच: Centers for Disease Control and Prevention 

बच्चों के लिए आँखों की जाँच: Office of Disease Prevention and Health Promotion 

 

लैपटॉप देखते हुए माता-पिता और उनका बच्चा

अपने लाभों का पूरा फ़ायदा उठाएँ

अगर आप Aetna Better Health® के सदस्य हैं, तो अपने प्लान के बारे में और जानकारी पा सकते हैं। अपना अकाउंट देखने के लिए बस अपने मेंबर पोर्टल में लॉग इन करें।