5 तरीके, जिनसे आपके प्राथमिक देखभाल प्रदाता आपकी मदद करते हैं
प्राथमिक देखभाल प्रदाता (PCP) वह डॉक्टर होता है, जिसके पास आप नियमित जाँच और इलाज के लिए जाते हैं। जानें कि सही PCP चुनना क्यों ज़रूरी है — और उन्हें कैसे चुनें।
पहली स्वास्थ्य जाँच से लेकर नियमित देखभाल तक, प्राथमिक देखभाल प्रदाता (PCP) आपको और आपके परिवार को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। वयस्क लोग फ़ैमिली डॉक्टर से मिल सकते हैं, जबकि बच्चों को आमतौर पर बाल रोग विशेषज्ञ को दिखाया जाता है। लेकिन हर किसी के लिए ऐसे प्रदाता का होना फ़ायदेमंद है, जिस पर वे भरोसा कर सकें।
क्या आप काफ़ी समय से अपने PCP से नहीं मिले हैं? या किसी नए डॉक्टर की तलाश में हैं? तो अपॉइंटमेंट लेने या अपनी ज़रूरतों के मुताबिक प्रदाता ढूँढने का यह अच्छा समय है। आप अपनी योजना की वेबसाइट पर प्रदाताओं की सूची देख सकते हैं।
यहाँ पाँच तरीके बताए गए हैं, जिनसे PCP आपकी — मदद कर सकते हैं। साथ ही, सही PCP चुनने के लिए कुछ सुझाव भी दिए गए हैं।
1. वे आपके स्वास्थ्य के भरोसेमंद साथी हैं
आपको अपने PCP से कुछ भी पूछने में झिझक नहीं होनी चाहिए। कोई भी चिंता छोटी नहीं होती और कोई भी सवाल बहुत बेतुका नहीं होता। आपका PCP को आपके स्वास्थ्य से जुड़ी सभी बातें पता होती है और वो आपको ज़रूरी देखभाल दिलाने में मदद कर सकता है।
बड़े बच्चों को भी डॉक्टर से मुश्किल विषयों पर बात करते समय सुरक्षित और सहज महसूस होना चाहिए। इनमें भावनाओं, नशीले पदार्थों या यौन संबंधों से जुड़ी बातें शामिल हो सकती हैं। उनका PCP उन्हें अपने शरीर और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना सिखाने में मदद कर सकता है।
2. वे लंबे समय से बनी रहने वाली स्वास्थ्य समस्या को संभालने में आपकी मदद कर सकते हैं।
अगर आपको या आपके बच्चे को अस्थमा, डायबिटीज़ या हाई रक्तचाप जैसी कोई पुरानी बीमारी है, तो आपका PCP मदद कर सकता है। वे आपके अन्य सेवा प्रदाताओं के साथ मिलकर काम करते हैं, ताकि आपको अपनी स्वास्थ्य योजना बनाने और उसका पालन करने में मदद मिल सके।
आपका PCP दवाओं को सही तरीके से लेने में भी आपकी मदद कर सकता है। अगर आप कई तरह की दवाएँ लेते हैं, तो वे आपको उन्हें सुरक्षित और सही तरीके से लेने में मदद कर सकते हैं।
3. वे स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव में मदद कर सकते हैं
आपका PCP सिर्फ़ बीमार होने पर आपका इलाज ही नहीं करता, बल्कि आपको स्वस्थ रहने में भी मदद करता है। नियमित स्वास्थ्य जाँच और स्क्रीनिंग से बीमार महसूस होने से पहले ही स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाया जा सकता है। समय पर इलाज कराने से आगे चलकर बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचने में मदद मिल सकती है।
बच्चों के विकास और सीखने की क्षमता पर नज़र रखने के लिए भी उनकी नियमित स्वास्थ्य जाँच ज़रूरी है। उनका PCP शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए ज़रूरी टीके और स्क्रीनिंग समय पर करवाने में मदद करता है।
4. वे आपकी स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े हर कदम पर आपका मार्गदर्शन कर सकते हैं
स्वास्थ्य देखभाल से जुड़ी बातें समझना कभी-कभी मुश्किल हो सकता है। आपका PCP इन्हें आसानी से समझने में आपकी मदद करता है। वे इन तरीकों से आपकी मदद कर सकते हैं:
- ज़रूरत पड़ने पर आपको दूसरे डॉक्टरों के पास भेजना
- आपकी जाँच के नतीजों को समझने में मदद करना
- आपकी देखभाल से जुड़ी सभी सेवाओं के बीच तालमेल बनाना
5. वे आपकी पूरी देखभाल करते हैं
आपका PCP आपकी स्वास्थ्य के हर पहलू का ध्यान रखता है। वे इन मामलों में आपकी मदद कर सकते हैं:
- मानसिक स्वास्थ्य
- सेहतमंद खान-पान के विकल्प
- व्यायाम
- सेहत से जुड़े लक्ष्य
वे घर, बच्चों की देखभाल, भोजन और ऐसी दूसरी ज़रूरतों के लिए मदद पाने मेंं भी आपकी सहायता कर सकते हैं।
आपके बच्चे का PCP इन कामों में भी मदद कर सकता है:
- घर पर, कार में और सोते समय आपके बच्चे की सुरक्षा का ध्यान रखने में
- स्तनपान, फ़ॉर्मूला दूध पिलाने या खाने-पीने में आनाकानी करने वाले बच्चे की देखभाल में
- आपके बच्चे की बढ़त और विकास पर नज़र रखने में
आपको अपने PCP से कितनी बार मिलना चाहिए? अपने सालाना चेकअप या वेल-चाइल्ड मुलाकात का पूरा फ़ायदा उठाने के लिए यह लेख पढ़ें।
PCP कैसे ढूँढ़ें
क्या आपके पास PCP नहीं है, या आप कोई नया PCP चाहते हैं? एक से ज़्यादा प्रदाता से मिलकर देखना भी बिल्कुल ठीक है।
इनमें से कोई भी PCP हो सकता है:
- फैमिली डॉक्टर (MD/DO)
- इंटरनल मेडिसिन के डॉक्टर
- नर्स प्रैक्टिशनर (NP)
- फिज़िशियन असिस्टेंट (PA)
- स्त्री रोग विशेषज्ञ (Ob/Gyn) (जो अक्सर महिलाओं के PCP भी होते हैं)
- बाल रोग विशेषज्ञ (जो बच्चों के PCP होते हैं)
आप इन जगहों पर भी स्वास्थ्य सेवाएँ ले सकते हैं:
- संघीय रूप से मान्यता प्राप्त स्वास्थ्य केंद्र (FQHCs): ये ऐसे क्लिनिक हैं जहाँ Medicaid स्वीकार किया जाता है। ये अक्सर ग्रामीण या स्वास्थ्य सेवाओं की कमी वाले इलाकों में होते हैं।
- इंडियन हेल्थ सर्विस (IHS) क्लिनिक: यहाँ अमेरिकी मूल-निवासी और अलास्का के मूल-निवासी सदस्य स्वास्थ्य सेवाएँ ले सकते हैं।
PCP चुनते समय ये सवाल पूछें, ताकि आप अपनी ज़रूरतों के मुताबिक प्रदाता चुन सकें:
- क्या क्लिनिक तक आसानी से पहुँचा जा सकता है?
- क्या क्लिनिक का समय आपके शेड्यूल के मुताबिक है?
- क्या वे टेलीहेल्थ के ज़रिए परामर्श की सुविधा देते हैं?
- क्या क्लिनिक में आपकी भाषा बोलने वाले लोग हैं?
- क्या वहाँ का स्टाफ़ विनम्र और मददगार है?
कुछ सेवा प्रदाताओं से मिलकर देखें। किसी ऐसे व्यक्ति को चुनें, जिस पर आप भरोसा कर सकें और जिसके साथ आप सहज महसूस करें।