सर्दियों की उदासी दूर करने के लिए अपना मूड अच्छा करें
सर्दियों में दिन छोटे होने और धूप कम मिलने से हमारा मूड और उर्जा कम हो सकती है। लेकिन छोटे-छोटे बदलाव भी बड़ा फ़र्क ला सकते हैं। अपना मूड अच्छा करने और अपने आसपास के लोगों के जीवन में खुशी लाने के आसान तरीके जानें।
सर्दियों का मौसम हमारे दिल और दिमाग के लिए मुश्किल भरा हो सकता है। दिन छोटे होने और मौसम ठंडा रहने की वजह से हम अक्सर सामान्य से ज़्यादा समय घर के अंदर बिताते हैं। इससे हमें धूप कम मिलती है, शारीरिक गतिविधियाँ कम होती हैं और लोगों से मिलना-जुलना भी कम हो जाता है। ये सभी चीज़ें हमारी खुशी से जुड़ी हैं।
त्योहारों का समय ढेर सारी खुशियाँ ला सकता है। लेकिन इस समय तनाव, व्यस्त दिनचर्या और उन अपनों की यादें भी सताने लगती हैं, जो हमारे साथ नहीं हैं। इसलिए यह कोई हैरानी की बात नहीं कि साल के इस समय हममें से कई लोग थोड़ा ज़्यादा उदास, बेचैन या अकेला महसूस करते हैं।
अच्छी बात क्या है? रोज़मर्रा की छोटी-छोटी आदतें आपका मूड बेहतर बना सकती हैं और दूसरों से जुड़ाव महसूस करने में मदद कर सकती हैं। इस सर्दी में ज़्यादा खुश रहने के पाँच तरीके जानें।
1. संपर्क बनाए रखें और करीब रहें
फ़ोन उठाएँ, कोई मैसेज भेजें या किसी दोस्त या करीबी व्यक्ति के साथ वीडियो चैट शुरू करें। बस इतना कहना कि “आपकी याद आ गई” भी किसी के लिए बहुत मायने रख सकता है। अगर हो सके, तो किसी ऐसे व्यक्ति के साथ हर हफ्ते बातचीत करने का समय तय करें, जिसे देखकर आपके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। आप कॉफी के लिए मिल सकते हैं या फ़ोन पर बात कर सकते हैं। नियमित रूप से बात करने का समय तय करने से किसी से संपर्क करना कम झिझक भरा लग सकता है।
2. त्योहारों की खुशियों का भरपूर आनंद लें
त्योहारों के दौरान खुशियाँ मनाने और बाँटने के कई मौके मिलते हैं। टिमटिमाती लाइटें लगाएँ, त्योहारों से जुड़े संगीत सुनें या अपनी पसंदीदा हॉलिडे कुकीज़ बनाएँ। साथ ही, स्थानीय गतिविधियों में भी हिस्सा लें। सर्दियों में लगने वाले बाज़ार जाएँ, क्रिसमस ट्री की लाइट जलाने के कार्यक्रम में शामिल हों या कुकीज़ बाँटने के आयोजन में हिस्सा लें। खुशी के छोटे-छोटे पल भी आपके मन को खुशियों से भर सकते हैं।
3. दूसरों की मदद करें
स्वयंसेवा करने से आपको दूसरों से जुड़ाव महसूस हो सकता है और यह एहसास भी हो सकता है कि किसी को आपकी ज़रूरत है। त्योहारों के दौरान कई संस्थाओं को अतिरिक्त मदद की ज़रूरत होती है। अपनी पसंद का कोई नेक काम चुनें और उसमें मदद करने के तरीके तलाशें। हो सके, तो पूरे साल इससे जुड़े रहें।
4. अपने लिए समय निकालें
क्या त्योहारों की भागदौड़ से आप तनाव महसूस कर रहे हैं? उन कामों के लिए समय निकालना न भूलें, जिनसे आपको सुकून और ताज़गी मिलती है। कोई अच्छी किताब पढ़ें, हल्की स्ट्रेचिंग करें या एक कप चाय के साथ कुछ पल शांति से बिताएँ। यह स्वार्थ नहीं, बल्कि अपना ख्याल रखना है।
5. चलते-फिरते रहें (घर के अंदर भी)
शारीरिक गतिविधि से आपका मूड बेहतर होता है। बाहर जाकर कसरत करने के लिए बहुत ठंड है? तो खरीदारी करते समय मॉल में तेज़ कदमों से टहलें। घर पर मुफ़्त ऑनलाइन वर्कआउट वीडियो देखकर कसरत करें। या फिर परिवार के साथ लिविंग रूम में कुछ देर डांस करें। इस तरह दिनभर में की गई थोड़ी-थोड़ी गतिविधियाँ भी मिलकर बड़ा फ़ायदा पहुँचाती हैं।
संकट के समय मदद लें। 988 आत्महत्या और संकट लाइफ़लाइन पर हफ़्ते के सातों दिन, 24 घंटे गोपनीय और मुफ़्त परामर्श और भावनात्मक सहायता मिलती है। मदद के लिए 988lifeline.org पर कॉल करें या मैसेज करें988 या चैट करें।
अकेलेपन के संकेतों को कैसे पहचानें
त्योहार अपनों के साथ समय बिताने का मौका होते हैं। लेकिन कुछ लोगों के लिए यह समय अकेलेपन भरा भी हो सकता है। खासकर उनके लिए, जो अपने परिवार से दूर हैं, किसी अपने को खोने के दुख से जूझ रहे हैं या खुद को दूसरों से अलग-थलग महसूस करते हैं।
सिर्फ़ उन लोगों पर ध्यान देना और उनसे संपर्क करना, जिन्हें किसी का साथ और अपनापन चाहिए, उनके लिए बहुत मायने रख सकता है। दूसरों में अकेलेपन के इन संकेतों पर ध्यान दें:
- आदतों में बदलाव आना, जैसे कि सामान्य से बहुत ज़्यादा या बहुत कम खाना या सोना। या अपने पसंदीदा कामों में दिलचस्पी न लेना।
- उन चीज़ों के लिए "ना" कहना, जिन्हें वे पहले पसंद करते थे, या सामाजिक मेल-जोल और परिवार के साथ समय बिताने से बचना।
- शराब या अन्य नशीले पदार्थों का ज़्यादा सेवन करना।
- ज़्यादा चिड़चिड़े, उदास या सबसे कटे-कटे रहना। हो सकता है कि वे सामान्य से कम बात करें या उनका मूड बार-बार बदले।
- सिरदर्द, पेट दर्द या शरीर के दूसरे हिस्सों में दर्द की शिकायत ज़्यादा होना। तनाव का असर शारीरिक सेहत पर भी पड़ सकता है।
अपने दोस्तों, परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और दूसरे करीबी लोगों में इन संकेतों पर ध्यान दें। कभी-कभी छोटी-सी पहल—किसी को आमंत्रित करना, उसका हालचाल पूछना या बस उसके साथ बैठना—किसी को अकेलापन कम महसूस कराने में मदद कर सकती है।