देखभाल करते-करते होने वाली थकान से निपटने के 6 तरीके
किसी और की देखभाल करते समय तनाव से निपटने, अपनी सीमाएँ तय करने और अपना ख्याल रखने के तरीके सीखें।
अपने किसी करीबी की देखभाल करना एक बड़ी ज़िम्मेदारी है। इससे मन को संतुष्टि मिल सकती है। लेकिन इसकी वजह से आपको थकान, तनाव और कभी-कभी उदासी भी महसूस हो सकती है।
इस दौरान अपना ख्याल रखना भी बहुत ज़रूरी है। यहाँ कुछ सुझाव दिए गए हैं जो आपके लिए मददगार हो सकते हैं।
1. ज़रूरी फ़ॉर्म पहले से तैयार रखें
महत्वपूर्ण दस्तावेज़ों को सुरक्षित जगह पर रखें ताकि वे आसानी से मिल जाएँ। इसमें ये शामिल हो सकते हैं:
पावर ऑफ़ अटॉर्नी (मुख्तारनामा): हो सकता है कि आपको अपने किसी प्रियजन के लिए मेडिकल या वित्तीय फैसले लेने पड़ें। पावर ऑफ़ अटॉर्नी (मुख्तारनामा) बनवाने पर विचार करें। इस दस्तावेज़ से आपको उनकी ओर से कानूनी तौर पर फैसले लेने और काम करने का अधिकार मिलता है।
चिकित्सा संबंधी अनुमति: इससे आपको अपने प्रियजन के मेडिकल रिकॉर्ड देखने और उनके स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से बात करने की अनुमति मिलती है।
आपातकालीन संपर्क: आपातकालीन संपर्कों की एक सूची तैयार रखें, जैसे:
स्वास्थ्य सेवा प्रदाता
परिवार के सदस्य
दोस्त
2. सालाना स्वास्थ्य जाँच करवाएँ
अपनी खुद की सेहत का भी ध्यान रखना न भूलें:
अपनेे प्रदाता के साथ नियमित विज़िट तय करें।
बताए गए अनुसार अपनी दवाएँ लें।
टीकाकरण और बचाव के लिए की जाने वाली नियमित जाँच समय पर करवाते रहें।
अपने डॉक्टर से पूछें कि आपको आगे कौन-से टीके या जाँच की ज़रूरत है।
3. ब्रेक लें
किसी अपने की देखभाल करना 24/7 की ज़िम्मेदारी हो सकती है। लेकिन खुद को रिचार्ज करने के लिए हर किसी को ब्रेक की ज़रूरत होती है। परिवार के दूसरे सदस्यों या दोस्तों से पूछें कि क्या वे छोटे-मोटे कामों, खाना बनाने या अपॉइंटमेंट के लिए साथ जाने जैसे कामों में आपकी मदद कर सकते हैं।
आप अपने प्रियजन की केयर टीम से देखभाल करने वाले पेशेवर व्यक्ति को रखने के विकल्पों के बारे में भी बात कर सकते हैं। वयस्कों के लिए डे केयर सेंटर या घर पर देखभाल करने वाले सहायक की मदद लेना—भले ही हफ़्ते में सिर्फ़ एक-दो दिन के लिए हो—आपके लिए बहुत मददगार हो सकता है।
4. अपना ख्याल रखें
अपना ख्याल रखने से आप दूसरों की बेहतर देखभाल कर पाते हैं।
शारीरिक गतिविधि के लिए समय निकालें। हल्की-फुल्की गतिविधि से भी फर्क पड़ सकता है। रोज़ाना स्ट्रेचिंग करना, थोड़ी देर कसरत करना और यहाँ तक कि घर के काम करना भी सक्रिय रहने के अच्छे तरीके हैं।
संतुलित आहार लें। पहले से भोजन की योजना बनाने और उसे तैयार रखने से आपको अपने लक्ष्य पर बने रहने में मदद मिल सकती है। फल, मेवे और ग्रेनोला बार जैसे सेहतमंद स्नैक्स हमेशा पास रखें। और खूब पानी पिएँ।
तनाव पर नियंत्रण रखें। मनोरंजन या आराम देने वाली गतिविधियों के लिए समय निकालें।
पर्याप्त नींद लें। सात से नौ घंटे की नींद लेने का लक्ष्य रखें। हर रात लगभग एक ही समय पर सोने की कोशिश करें।
5. अपना शेड्यूल व्यवस्थित करें
क्या आपको अपॉइंटमेंट और दूसरे काम याद रखने में परेशानी होती है? इन तरीकों को अपना कर देखें:
अपने प्रियजन के अपॉइंटमेंट को एक ही दिन रखने की कोशिश करें, ताकि उनका हिसाब रखना आसान हो।
देखभाल से जुड़े काम प्लानर या डिजिटल कैलेंडर में लिखें। भोजन की तैयारी करने या सफ़ाई जैसे कामों के एक तय दिन और समय रखें, ताकि कोई काम छूट न जाए।
सबसे ज़रूरी कामों पर पहले ध्यान दें। सब कुछ एक ही समय पर करने की कोशिश न करें।
अपने काम समय पर करने के लिए अलार्म या रिमाइंडर सेट करें।
6. दूसरों से जुड़ें
एक अच्छा सपोर्ट सिस्टम मिलने से आपकी सेहत और खुशहाली में बड़ा फ़र्क पड़ सकता है। देखभालकर्ताओं की मदद के लिए कई संसाधन उपलब्ध हैं:
किसी सपोर्ट ग्रुप की तलाश करें। इससे आपको अपने अनुभव साझा करने और ऐसी ही परिस्थितियों से गुज़र रहे दूसरे लोगों से सलाह लेने का मौका मिलता है।
अपने थेरेपिस्ट या काउंसलर से बात करें। वे आपको भावनात्मक सहारा दे सकते हैं और मुश्किलों से निपटने के तरीके बता सकते हैं।
परिवार और दोस्तों के लिए समय निकालें। और अगर आपको कभी ज़रूरत पड़े, तो उनसे मदद माँगें।